
आलीराजपुर। आदिवासी अंचल के लोकप्रिय और पारंपरिक भगोरिया पर्व का अंतिम दिन अलीराजपुर में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। रबी फसल की कटाई के बाद और होली से सात दिन पूर्व मनाया जाने वाला यह पर्व आदिवासी समाज के प्रकृति प्रेम और सांस्कृतिक वैभव का प्रतीक है। कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शामिल होकर समाजजनों को भगोरिया और होली की शुभकामनाएं दीं।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आदिवासी संस्कृति, परंपरा और भाषा के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत हैं तथा आदिवासी कलाकारों को पद्मश्री सम्मान दिलाने की पहल की गई है। उन्होंने टंट्या मामा, शंकर शाह और भीमा नायक जैसे जननायकों को इतिहास में उचित स्थान दिलाने के प्रयासों का उल्लेख किया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने मांडल की थाप पर आदिवासी भाई-बहनों के साथ पारंपरिक नृत्य कर उत्सव की खुशियों में सहभागिता निभाई।
