जबलपुर: ग्वारीघाट पुलिस ने चंडी माई मंदिर के पास संचालित एक फूड स्टाल पर दबिश देकर न केवल सिलेंडर जब्त किए, बल्कि सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले हिस्ट्रीशीटर संचालक को भी गिरफ्तार किया।जानकारी अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि चंडी माई मंदिर के बाजू में स्थित द फूड काउंटर का संचालक राज यादव अपने स्टाल पर ग्राहकों के लिए फास्ट फूड तैयार करने में घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल कर रहा है।
जब पुलिस टीम ने स्टाल पर घेराबंदी की, तो वहां एचपी कंपनी के 3 घरेलू सिलेंडर रेगुलेटर और पाइप सहित चूल्हे से जुड़े पाए गए। हैरानी की बात यह थी कि घनी आबादी और मंदिर के पास स्थित इस स्टाल पर अग्निशमन यंत्र या सुरक्षा का कोई भी उपकरण मौजूद नहीं था। व्यावसायिक कार्य में घरेलू सिलेंडर का उपयोग करना न केवल अवैध है, बल्कि यह सार्वजनिक सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा भी था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 गैस सिलेंडर, पाइप और रेगुलेटर जप्त कर लिए हैं।
आरोपी पर दर्ज हैं एक दर्जन अपराध
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान राज यादव (25) निवासी गली नंबर 1, बादशाह हलवाई मंदिर, ग्वारीघाट के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसके विरुद्ध पूर्व में हत्या, बलवा, अवैध वसूली, मारपीट और आबकारी एक्ट जैसे गंभीर प्रकृति के एक दर्जन से अधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
