इंदौर: शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सूने मकान, गोदाम और दुकान को निशाना बनाते हुए चोरी की तीन घटनाएं सामने आई हैं. पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. एक मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को पकड़ लिया गया है, जबकि दो मामलों में अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है.आज़ादनगर थाना क्षेत्र में मूसाखेड़ी स्थित सूर्य सुखम कॉलोनी में सूने मकान को निशाना बनाया. 34 वर्षीय फरियादी आराधना कुशवाह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि किसी अज्ञात बदमाश ने उनके घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घूसा और घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए, घटना के समय मकान सूना था.
इसी तरह तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के लिम्बोदी स्थित भैय्या चाय नाश्ता प्वाइंट दुकान में चोरी की वारदात सामने आई. 36 वर्षीय फरियादी अतुल बोंबटकर ने पुलिस को बताया कि रात को दुकान बंद करने के बाद जब अगले दिन दुकान खोली तो सामान बिखरा मिला. जांच करने पर क्लासिक कंपनी की सिगरेट के दो पैकेट, अन्य सिगरेट पैकेट, पान बहार, आरएमडी और विमल पान मसाला गायब थे. इसके बाद फरियादी ने दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगवाए, जिसमें पड़ोस में कैफे संचालित करने वाला अखिलेश तिवारी दुकान में घूसते हुए दिखे.
पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है. वहीं खुडैल थाना क्षेत्र में ग्राम देवगुराड़िया स्थित जेबीएस जिप्सम इंडिया के गोदाम में भी चोरी की घटना हुई. 42 वर्षीय फरियादी मुकुल जैन निवासी आशीष नगर ने शिकायत दर्ज कराई कि की कोई अज्ञात आरोपी ने गोदाम का ताला तोड़कर अंदर रखे दो पुराने लोहे के रोल, जिनकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई है, तथा 17,500 रुपये नकद चोरी कर लिए. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना हैकि तीनों ही मामलों में पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया है.
