हनोई, 24 मार्च (वार्ता) वियतनाम के स्वास्थ्य मंत्रालय ने जन्म दर में भारी गिरावट के बीच प्रतिस्थापन प्रजनन दर बनाये रखने के प्रयासों के तहत एक नया प्रस्ताव पेश किया है। इसके तहत 35 वर्ष की आयु से पहले दो बच्चों को जन्म देने वाली महिलाओं को 20 लाख वियतनामी डोंग (लगभग 76 अमेरिकी डॉलर) की वित्तीय सहायता प्रदान करने की योजना है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने जनसंख्या कानून के मार्गदर्शन के लिए एक मसौदे का अनावरण किया है। इसमें कई वित्तीय सहायता नीतियों का प्रस्ताव है। इनसे प्रतिस्थापन-स्तर की प्रजनन दर को बनाये रखने और जनसंख्या की गुणवत्ता में सुधार होने की उम्मीद है। . मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रीय प्रजनन दर प्रतिस्थापन स्तर से नीचे गिर गयी है। साल 2025 में यह दर प्रति महिला 2.11 बच्चों से घटकर 1.93 रह गयी है, जो 2024 के 1.91 के रिकॉर्ड निचले स्तर से केवल मामूली सुधार है। इस मौजूदा रुझान को देखते हुए 2030 तक प्रतिस्थापन प्रजनन स्तर को बनाये रखने के लक्ष्य को हासिल करना कठिन लग रहा है।
यह अनुमान लगाया गया है कि यदि प्रजनन दर में इसी तरह गिरावट जारी रही, तो वियतनाम की ‘स्वर्णिम जनसंख्या’ की अवधि 2036 तक समाप्त हो जायेगी। इसके साथ ही, कार्यबल की आयु वाली जनसंख्या 2044 से कम होने लगेगी। साल 2051 तक, देश नकारात्मक जनसंख्या वृद्धि के चरण में प्रवेश कर जायेगा और 2069-74 की अवधि के दौरान प्रति वर्ष औसतन लगभग 4,61,000 व्यक्तियों की गिरावट आने का अनुमान है। इस गंभीर स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने प्रति जन्म 20 लाख वियतनामी डोंग (लगभग 76 अमेरिकी डॉलर) की वित्तीय सहायता का प्रस्ताव दिया है। इस सहायता के पात्र लाभार्थियों में बहुत छोटे अल्पसंख्यक जातीय समूहों की महिलाएं, प्रतिस्थापन से कम प्रजनन दर वाले प्रांतों और शहरों में रहने वाली महिलाएं और 35 वर्ष की आयु से पहले दो बच्चों को जन्म देने वाली महिलाएं शामिल हैं। इस योजना में जुड़वां या उससे अधिक बच्चों के जन्म के मामलों को भी शामिल किया गया है।

