खबर का असर
जबलपुर: जब फटकार लगी तो लाइन में आ गए नगर निगम के वाहन चालक… ये मुहावरा उस वक्त सार्थक दिखता नजर आया जब रविवार को त्रिपुरी चौक के पास से प्रतिदिन की तरह कचरा लेकर जाते हुए ट्रक में नियमों के पालन करने का संदेश जनता को दिया गया। हुआ यूं कि इस बार कचरा नीले रंग की नेट से पूरी तरह ढंका हुआ था जिससे चलते वाहन से कचरा नहीं गिरा। विदित हो कि कुछ दिन पहले नगर निगम के ट्रक क्रमांक एमपी 20 जी 6948 में कचरा पूरी तरह से खुला हुआ पड़ा था और उसका चालक तेज रफ्तार से कचरा गिराते हुए त्रिपुरी चौक से गुजर रहा था।
सड़क पर नियमों की अवहेलना के इस मामले को लेकर नवभारत ने विगत 25 फरवरी के अंक में हमें नहीं है किसी का डर, हम तो ऐसे ही परिवहन करेंगे……के शीर्षक की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी जिसके बाद स्वच्छता अधिकारी अंकिता बर्मन ने वाहन चालक की जमकर क्लास ली । इस प्रकाशन के बाद रविवार को नियम चालक को याद आए।
ग्रीन नेट से ढंककर परिवहन के हैं निर्देश
जानकारी के अनुसार नगर निगम के नए कचरा वाहनों में कवर लगे हुए हैं और कुछ पुराने वाहनों में कवर नहीं है। पुराने वाहन चालकों को निगम प्रशासन की ओर से ग्रीन नेट दी जाती है और निर्देश दिए जाते हैं कि वे कचरे को ग्रीन नेट से ढंककर कचरे का परिवहन करें।
