चेन्नई,01 मार्च (वार्ता) रॉयल एनफील्ड ने इस वर्ष फरवरी माह में 1,00,905 मोटरसाइकिलों की बिक्री की है जो एक साल पहले इसी अवधि की तुलना में 11प्रतिशत ज्यादा है। कंपनी ने पिछले वर्ष फरवरी में 90,670 मोटरसाइकिलें बेची थीं। इस बार फरवरी की कुल बिक्री में 9657 मोटरसाइकिलों का निर्यात भी शामिल है।
मोटरसाइकिल विनिर्माता आइशर मोटर्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और रॉयल एनफील्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, बी. गोविन्दराजन ने कहा, “फरवरी में इस वित्तीय वर्ष में हमने जो सकारात्मक गति देखी है, वह जारी है, जो विभिन्न बाजारों में निरंतर मांग और हमारे बढ़ते वैश्विक समुदाय को दर्शाती है।” चालू वित्त वर्ष के 11 महीना में रॉयल एनफील्ड की कुल बिक्री 11,26,325 रही जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि के 9,08,879 की तुलना में 24 प्रतिशत अधिक है।

