
रीवा। होली का त्यौहार नजदीक आते ही बाजार में दुकाने रंग गुलाल और पिचकारी से जग गई है. जिसके चलते बाजार गुलजार हो गया है और लोग खरीददारी के लिये निकलने लगे है. रविवार को अवकाश होने के कारण बाजार में भीड़ बढ़ेगी. बढ़ती मंहगाई का कोई असर दिखाई नही दे रहा है.
इस बार बाजार में रंग बिरंगी पिचकारी के साथ कई आधुनिक पिचकारियां भी पहुंची है जिनकी कीमत हजारो में है. पर्यावरण संरक्षण को देखते हुए होली मिनाने की अपील की गई है. दरअसल होली को लेकर वृक्ष काटे जाते है और होली लगाई जाती है जहा होलिका दहन होता है, उसके दूसरे दिन लोग रंग गुलाल खेलते है. बाजार में शिल्पी प्लाजा से लेकर सब्जी मंडी, प्रकाश चौराहा, घोड़ा चौराहा, पद्मधर पार्क आदि स्थानो पर दुकाने सज गई है और लोग खरीददारी के लिये पहुंच रहे है. एक ओर जहा बाजार में होली का सामान बिक रहा है वही दूसरी तरफ पकवान से मिठाई की दुकाने सजी हुई है. गुझिया, गेवर से लेकर तमाम तरह की मिठाईयां बनकर तैयार है. प्रदेश एवं क्षेत्रीय स्तर पर पसंद की जाने वाली मिठाईयां काउंटरो में सजाई गई है. होली का रंग फीका न हो किसी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिये पुलिस ने भी अपनी तैयारी शुरू कर दी है. जिले के सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में शांतिपूर्ण तरीके से त्यौहार मनाने के लिये नागरिको के साथ जहा बैठके कर रहे है वही होली के हुडदंग पर शिकंजा कसने के लिये अलग-अलग टीम गठित की जा रही है और मोबाइल वाहन से नजर रखी जाएगी. इसके अलावा जिस दिन रंग खेला जाएगा उस दिन चौराहो पर पुलिस तैनात रहेगी और शराब पीकर वाहन चलाने वालो के खिलाफ भी सख्त एक्शन लिया जायेगा. शराब की दुकानो में भीड़ तेजी से बढऩे लगी है. दरअसल होली के पहले शराब की दुकाने बंद कर दी जाएगी, जिसके लिये लोग पहले से ही शराब खरीद कर रख रहे है. पिछले तीन दिन में शराब दुकानदारो ने शराब की कीमतो में भी कमी कर दी है. लिहाजा शराब की मांग बढ़ गई है. रंग में भंग न हो, इसके लिये पुलिस सभी जगह तैनात रहेगी ताकि कोई घटना न हो.
भोपाल-रीवा के बीच चलेगी चार स्पेशल ट्रेन
होली के त्यौहार को देखते हुए बस स्टैण्ड से लेकर रेलवे और हवाई जहाज में यात्रियो की भीड़ बढऩे लगी है. होली मनाने के लिये रीवा से बाहर रहने वाले लोग अपने घरों को वापस आ रहे है. भोपाल रानी कमलापतिऔर रीवा के बीच रेलवे द्वारा चार स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है. भोपाल से रीवा के लिये स्पेशल ट्रेन 5 मार्च को भोपाल से सुबह 10.30 बजे चलेगी और रात 8.45 पर रीवा पहुंचेगी. वापसी में 5 मार्च को ही रात 10.20 बजे रीवा से चलकर अगले दिन सुबह 9.05 बजे भोपाल पहुंचेगी. इसी तरह कमलापति से रीवा के लिये 2 और 3 मार्च को रात 10.15 बजे कमलापति से लेकर सुबह 7.30 बजे ट्रेन रीवा पहुंचेगी. वापसी में यह रीवा से दोपहर 12.30 बजे चलेगी और रात 9.15 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी. इसके साथ ही रानी कमलापति से रीवा के लिये 28 फरवरी को एक-एक ट्रिप के लिये ट्रेन संचालित की जाएगी. यह ट्रेने मुख्य रूप से विदिशा, बीना, सागर, दमोह, कटनी, मैहर और सतना स्टेशन में रूकेगी.
