सतना : जिले के नागौद थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलगढ़ी बांध के निकट शुक्रवार की शाम एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस द्वारा मृतक की पहचान करते हुए प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.प्राप्त जानकारी के अनुसार नागौद थाना पुलिस को कुलगढ़ी बांध के निकट शव पड़ा होने की सूचना मिली थी. जिसके आधार पर थाना प्रभारी अशोक पाण्डेय और चौकी प्रभारी आर पी वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए. घटनास्थल पर पहुुंची पुलिस ने पाया कि जिस स्थान पर युवक का शव पड़ा मिला उससे कुछ दूरी पर ही एक बाइक और शराब की बोतल भी पड़ी पाई गई. ध्यान से देखने पर मृत युवक के शरीर पर चोट के निशान स्पष्ट नजर आ रहे थे.
लिहाजा पुलिस द्वारा प्रथम दृष्ट्या हत्या की संभावना जताई गई. वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी नागौद रघु केसरी और साइबर सेल प्रभारी अजीत सिंह के साथ-साथ फिंगर प्रिंट टीम और डाग स्क्वाड भी मौके पर पहुंच गया. मृतक की जेब की तलाशी लिए जाने पर आधार कार्ड मिला. जिससे उसकी पहचान अनिल पटेल उम्र 28 वर्ष निवासी गोरईया कला अमदरा मैहर के तौर पर हुई. मृतक की पहचान होने पर पुलिस द्वारा परिजनों से संपर्क करने पर मालुम हुआ कि युवक दो दिन से लापता था. जिसके चलते एक दिन पहले ही नजदीकी थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत की गई थी. जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा शव का पोस्टमर्टम कराने के लिए मर्चुरी भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार परिजनों सहित अन्य लोगों से पूछताछ करते हुए घटना की जानकारी जुटाई जा रही है.
