एयर इंडिया ने अमेरिका, यूरोप की 22 और उड़ाने रद्द की

नयी दिल्ली, 01 मार्च (वार्ता) टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच अपनी अमेरिका और यूरोप जाने वाली 22 और उड़ानों को रविवार को रद्द करने की घोषणा की।

एयरलाइंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों एक पर बताया कि उसकी दिल्ली से बर्मिंघम, एम्सटर्डम, जुरिक, मिलान, वियना और कोपनहेगन जाने वाली एक-एक उड़ानें रद्द रहेंगी।

इसके अलावा दिल्ली से लंदन हिथ्रो जाने वाली दो उड़ानें और फ्रैंकफर्ट जाने वाली एक उड़ान रद्द रहेगी। मुंबई से लंदन हिथ्रो जाने वाली एक उड़ान भी रद्द रहेगी। इन सभी मार्गों पर वापसी की उड़ानें भी रद्द करने की उसने घोषणा की है।

इससे पहले, एयरलाइंस ने शनिवार को बताया था कि दिल्ली से लंदन के हिथ्रो हवाई अड्डे जाने वाली उसकी दो उड़ानें 01 मार्च को रद्द रहेंगी। इसके अलावा मुंबई से लंदन हिथ्रो जाने वाली एक, अमृतसर से लंदन गैट्विक जाने वाली एक, दिल्ली से न्यूयॉर्क के जेएफके एयरपोर्ट पर जाने वाली एक, मुंबई से न्यूयॉर्क के जेएफके एयरपोर्ट पर जाने वाली एक, मुंबई से अमेरिका के नेवार्क जाने वाली एक और दिल्ली से वियना के रास्ते शिकागो जाने वाली एक उड़ान रद्द रहेगी।

वियना के रास्ते दिल्ली से टोरंटो जाने वाली दो उड़ानें और दिल्ली तथा मुंबई से फ्रैंकफर्ट जाने वाली एक-एक उड़ानें भी रद्द करने की उसने घोषणा की थी। दिल्ली से फ्रांस की राजधानी पेरिस जाने वाली दो उड़ानें भी रद्द कर दी गयी थी।

अमेरिका और इजरायल द्वारा एक संयुक्त सैन्य अभियान में 28 फरवरी की सुबह किये गये हमले के बाद पश्चिम एशिया में बनी नयी भू-राजनीतिक परिस्थितियों के बीच एयर इंडिया ने इन उड़ानों को रद्द करने की घोषणा की है। ये सभी उड़ानें पश्चिम एशिया के ऊपर से होकर गुजरने वाली हैं।

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने 11 पश्चिम एशियाई देशों की सूची जारी करते हुए विमान सेवा कंपनियों को 02 मार्च तक इनके हवाई क्षेत्र से उड़ान न भरने की सलाह दी है।

 

Next Post

अमेरिका-इजरायल के हमले में खामेनेई की मौत, ट्रंप ने ईरानियों के लिए इसे 'सबसे बड़ा मौका' बताया, ईरान ने दी बड़े हमले की धमकी

Sun Mar 1 , 2026
तेहरान/वाशिंगटन, 01 मार्च, (वार्ता) ईरान की राजनधानी तेहरान पर रविवार तड़के हुए अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत हो गई। ईरानी मीडिया ने इसकी पुष्टि की। ईरानी सरकारी मीडिया ने बताया कि खामेनेई की मौत उत्तरी तेहरान के इलाकों (जिनमें उनके परिसर और […]

You May Like