
ग्वालियर। मप्र के समस्त पूर्व विधायकों को एसी प्रथम श्रेणी में यात्रा सुविधा एवं दिल्ली स्थित मप्र भवन की तर्ज पर मुबई के मध्यलोक में निःशुल्क आवास सुविधा प्रदान किये जाने हेतु पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं म.प्र. पूर्व विधायक मंडल के उपाध्यक्ष भगवान सिंह यादव ने मप्र विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर से अनुरोध किया है।
यादव ने अवगत कराया कि विधानसभा सचिवालय द्वारा वर्तमान में पूर्व विधायकों को रेलवे कूपन के माध्यम से ए.सी. द्वितीय श्रेणी में यात्रा की सुविधा प्रदान की जाती है जबकि व्यावहारिक रूप से ए.सी. द्वितीय श्रेणी में दो यात्रियों के किराए का योग प्रायः ए.सी. प्रथम श्रेणी के एकल किराए के बराबर होता है। ऐसे में यदि कोई पूर्व विधायक अकेले यात्रा करना चाहे तो उसे ए.सी. प्रथम श्रेणी में कूपन से यात्रा की अनुमति न होने के कारण असुविधा होती है। अतः उन्होंने एकल यात्रा की स्थिति में ए.सी. प्रथम श्रेणी में कूपन सुविधा प्रदान करने की मांग की है। दूसरी मांग के संबंध में उन्होंने बताया कि मुंबई स्थित मध्यलोक जो मध्य प्रदेश शासन की सम्पत्ति है, वर्तमान में मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा वाणिज्यिक दरों पर संचालित किया जा रहा है जिससे पूर्व विधायकों को कोई रियायत नहीं मिल पा रही है। उन्होंने नई दिल्ली स्थित मध्य प्रदेश भवन की तर्ज पर मुंबई में भी पूर्व विधायकों को निःशुल्क आवास सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
