
नयी दिल्ली, 28 फरवरी (वार्ता) पश्चिम एशिया में विस्फोटक हालात के मद्देनजर भारतीय विमान सेवा कंपनियों ने वहां जाने वाली और वहां से आने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने शनिवार को एक यात्रा परामर्श में बताया कि उसने पश्चिम एशिया को जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। इससे पहले एयर इंडिया की तेल अवीव जा रही उड़ान एआई139 को इजराइल में हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण बीच रास्ते से ही दिल्ली के लिए वापस लौटना पड़ा था। एयरलाइन ने यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करने की सलाह दी है।
निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर जारी परामर्श में आज रात 12 बजे तक के लिए पश्चिम एशिया को जाने वाली सभी उड़ानें रद्द करने की जानकारी दी है। दोनों एयरलाइंस ने कहा है कि यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है। स्पाइसजेट ने कहा है कि दुबई में हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण उसकी कुछ उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। उल्लेखनीय है कि अमेरिका और इजराइल की ईरान पर आज सुबह हुई संयुक्त सैन्य कार्रवाई के बाद ईरान ने भी पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य ठिकाने वाले कई देशों में मिसाइल हमले किये हैं जिससे क्षेत्र में असुरक्षा की स्थिति बन गयी है।
