
बड़वानी। बड़वानी जिले के राजपुर में खंडवा-वडोदरा राजमार्ग पर शुक्रवार को एक निजी यात्री बस के अनियंत्रित होकर खेत में घुस जाने से 14 यात्री घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बस खंडवा से बड़वानी की ओर जा रही थी। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी के कारण चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोने की आशंका जताई गई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचाया गया।
चिकित्सकों के मुताबिक फ्रैक्चर की आशंका के चलते नौ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया गया है, जबकि अन्य को सामान्य चोटें आई हैं। बस में करीब 35 यात्री सवार थे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर बस को जब्त कर लिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
