ब्यावरा: भोजपुर थाना क्षेत्र के रिछडय़िा गांव में रविवार सुबह 28 वर्षीय विवाहिता दरियाव बाई का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. उसका शव गांव के बाहर जामुन के पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटका था. ससुराल पक्ष ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए खिलचीपुर अस्पताल भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. घटना की सूचना मिलने पर दरियाव बाई के मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे. मां का शव देखकर उसकी 8 साल की बेटी काजल फूट-फूटकर रोने लगी. परिजनों ने उसे संभाला.
मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया
दरियाव बाई के पिता प्रभुलाल तंवर (60) ने आरोप लगाया कि दामाद हेमराज उनकी बेटी के चरित्र पर शक करता था और इसी बात को लेकर कई बार मारपीट कर चुका था. प्रभुलाल के अनुसार, मारपीट के बाद दरियाव कई बार मायके में भी रही थी. प्रभुलाल ने बताया कि दरियाव की शादी बचपन में ही रिछडय़िा निवासी मन्नालाल तंवर के बेटे हेमराज से कर दी गई थी. उस समय दरियाव करीब 5 साल की थी. 18 साल की उम्र में उसे ससुराल भेजा गया. शादी के बाद दरियाव के तीन बच्चे हुए. इनमें बेटियां काजल (8), दीक्षा (6) और बेटा दिलखुश (4) हैं.
युवक से संबंध के आरोप के बाद पंचायत का दावा
प्रभुलाल का कहना है कि कुछ दिन पहले हेमराज ने दरियाव पर गांव के एक युवक से प्रेम संबंध होने का आरोप लगाया था. इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हुआ और गांव में पंचायत बैठी. प्रभुलाल के अनुसार पंचायत में दरियाव के ससुराल पक्ष के साथ उस युवक के पक्ष के लोग भी शामिल हुए थे. पिता का दावा है कि पंचायत में मामला खत्म करने के लिए 5 लाख 90 हजार रुपए में फैसला होने की बात तय हुई थी. पंचायत में शामिल लोगों को 400-400 रुपए दिए जाने की बात भी उन्होंने कही. उनके अनुसार बुधवार को 5 लाख 90 हजार रुपए देने की बात तय हुई थी.
प्रभुलाल ने आरोप लगाया कि रकम देने की तारीख से पहले ही ससुराल वालों ने दरियाव के साथ मारपीट की. उनका आरोप है कि मारपीट कर उसकी हत्या की गई और बाद में आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पेड़ पर लटका दिया गया. पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है.
पति बोला- शौच जाने निकली थी, पेड़ पर लटकी मिली
पति हेमराज ने बताया कि रविवार सुबह करीब 4 से 5 बजे दरियाव घर से शौच जाने के लिए निकली थी. उसने किसी को नहीं बताया कि वह कहां जा रही है. सुबह परिवार के लोग उठे तो दरियाव घर पर नहीं थी. तलाश करने पर वह गांव के बाहर जामुन के पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटकी मिली. हेमराज के अनुसार परिवार ने तुरंत भोजपुर पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए खिलचीपुर अस्पताल भेजा.
पति का दावा- मोबाइल में मिला युवक का नंबर
हेमराज का कहना है कि करीब चार-पांच दिन पहले उसने दरियाव के पास मोबाइल देखा था. मोबाइल चेक करने पर उसमें गांव के एक युवक का नंबर मिला. उसके अनुसार दरियाव उस युवक से चोरी-छिपे बातचीत करती थी. हेमराज ने बताया कि उसने पत्नी से कहा था कि अगर उसका उस युवक के साथ रहने का मन है तो वह उसके पास चली जाए. इसके बाद दरियाव कथित तौर पर उस युवक के घर चली गई थी. हेमराज के मुताबिक युवक ने उसे अपने साथ रखने से मना कर दिया. इसके बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. हेमराज ने अपनी पत्नी की हत्या के आरोपों से इनकार किया है.
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी वजह
भोजपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को खिलचीपुर अस्पताल भेजा था. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. फिलहाल मायके पक्ष हत्या का आरोप लगा रहा है, जबकि पति इसे आत्महत्या बता रहा है. पुलिस दोनों पक्षों के बयान, घटनास्थल की परिस्थितियों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट को जांच में शामिल कर रही है. महिला की मौत की वास्तविक वजह जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी.
