शादी का झांसा, फिर अपहरण और वसूली; पन्ना में अंतरराज्यीय लुटेरी दुल्हन गैंग के 9 गुर्गे दबोचे गए

पन्ना। पुलिस ने शादी कराने का झांसा देकर वसूली करने वाली लुटेरी दुल्हन गैंग के नौ सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक कार, एक मोटरसाइकिल, 10 मोबाइल, एक टैबलेट और सौन्दर्य सामग्री सहित लगभग 18 लाख रुपये का सामान जब्त हुआ है।

पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू ने शुक्रवार को बताया कि पन्ना पुलिस द्वारा बृजपुर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर वसूली करने वाली एक सक्रिय लुटेरी दुल्हन गैंग का पर्दाफाश किया गया है। मामले में बृजपुर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुये गैंग के नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है। मामले में फरियादी बसंत लाल त्रिपाठी (43) निवासी नयागांव धरमपुर द्वारा थाना बृजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि लगभग 15 दिन पूर्व एक परिचित व्यक्ति के माध्यम से शादी के लिए ग्राम उडकी सिंहपुर में रहने वाले लल्लू चौधरी से संपर्क हुआ था। आपसी सहमति के बाद 23 फरवरी को बसंत अपने साथियों के साथ जीप से पहाड़ीखेड़ा लड़की देखने पहुँचा, जहाँ लल्लू चौधरी दो लड़कियों एवं एक महिला के साथ मिला। मौके पर शादी के नाम पर बसंत से पैसों की मांग की गई और रुपये देने से इनकार करने पर बसंत और उसके साथियों को डरा-धमकाकर भगा दिया गया।

इसके पश्चात शाम लगभग 07:30 बजे एक कार से आए लोगों ने बसंत को वाहन में बैठाया और खनगढ़ की ओर सुनसान रास्ते में ले गये। जहां झूठे मामले में फंसाने और जान से मारने की धमकी देकर टैबलेट, नगद 20 हजार रुपये एवं यूपीआई पासवर्ड प्राप्त कर बैंक खाते से 80 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। इसके बाद उसको सुनसान स्थान पर उतारकर आरोपी मौके से फरार हो गए। बसंत की शिकायत पर थाना बृजपुर में अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

इस मामले को पुलिस ने गंभीरता से लिया और आरोपियों की गिरफ़्तारी के प्रयास शुरू किए गए। पुलिस टीम द्वारा 26 फरवरी को पहाड़ीखेड़ा बस स्टैंड पर घेराबंदी कर आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अवैध वसूली की वारदात करना स्वीकार किया है। इस मामले में नीरज पटेल निवासी चिरहुला थाना बिछिया जिला रीवा, प्रद्युम्न साकेत निवासी कोठी थाना बिछिया जिला रीवा, अंकित साहू निवासी मढ़ी थाना मनगवां जिला रीवा, सूरज प्रजापति निवासी चिरहुला थाना बिछिया जिला रीवा, सोनू अग्निहोत्र निवासी वंशिया जिला छतरपुर, सोनू खैरवार निवासी खैरवार मझगवां जिला सतना, ओमप्रकाश सिंह निवासी बेला थाना रामपुर बघेलान जिला सतना, श्रीमती विमला साकेत निवासी टिकरी थाना मनगवां जिला रीवा तथा श्रीमती आरती साकेत निवासी कोठी थाना बिछिया जिला रीवा शामिल हैं। तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

Next Post

एफएचटीसी कार्यों में धीमी प्रगति पर ठेकेदारों, अधिकारियों को नोटिस

Fri Feb 27 , 2026
बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में नल-जल योजनाओं के तहत क्रियाशील घरेलू नल कनेक्शन (एफएचटीसी) कार्यों की धीमी प्रगति पर कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने निर्देश दिए है कि विद्युत कार्य, जल स्रोत और पाइपलाइन से जुड़े सभी लंबित कार्य तत्काल पूर्ण कर घरेलू नल कनेक्शन चालू किए जाएं, अन्यथा […]

You May Like