
भोपाल। लंबे इंतजार के बाद मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने अप्रैल में हुई शिक्षकों की भर्ती का परिणाम जारी कर दिया है। माध्यमिक शिक्षक और प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा 2024 का परिणाम के बाद अभ्यर्थियों को इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वैरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। परीक्षार्थी माध्यमिक शिक्षक एवं प्राथमिक शिक्षक परीक्षा का रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट www.esb.mp.gov.in पर जाकर चेक कर सकते हैं। जिसमें उम्मीदवारों को रिजल्ट डाउनलोड करने के लिए रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि को दर्ज करना होगा। बता दें यह परीक्षा स्कूल शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत कुल 9,882 पदों पर शिक्षकों की सीधी भर्ती के लिए आयोजित की गई थी। जिसका आयोजन 20 से 29 अप्रैल तक प्रदेश के 11 प्रमुख शहरों भोपाल, इंदौर, जबलपुर, खंडवा, नीमच, रतलाम, रीवा सहित अन्य जिलों में की गई थी। जिसमें हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, खेल, संगीत और नृत्य के विषय के लिए परीक्षाएं आयोजित की गई थी। जिसमें 1.85 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, और करीब 1.60 लाख भर्ती परीक्षा में शामिल हुए। लेकिन लंबे समय से शिक्षक भर्ती रिजल्ट में देरी के कारण अभ्यर्थी काफी दिनों से मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड कार्यालय के सामने विरोध दर्ज कर रहे थे।
