इंदौर:कुख्यात जालसाज संजय कालरा की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. अन्नपूर्णा पुलिस ने धोखाधड़ी और अमानत में खयानत के एक नए मामले में संजय कालरा और उसके साथी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. आरोपियों ने एक व्यक्ति की कार किराए पर ली और एग्रीमेंट की शर्तों का उल्लंघन करते हुए न तो किराया चुकाया और न ही गाड़ी वापस की.उल्लेखनीय है कि कालरा फिलहाल जेल में बंद है और पुलिस अब तक विभिन्न आवेदकों की 40 गाड़ियां उससे बरामद कर चुकी है.
पुलिस के मुताबिक, फरियादी ईश्वर पिता साहेब राम राठौर, निवासी श्रीराम नगर ने शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपी संजय करिरा उर्फ कालरा निवासी वी.आई.पी. परस्पर नगर और शावेज उर्फ जोएब निवासी स्वामी दयानंद नगर ने उनकी कार का विधिवत एग्रीमेंट करवाया था. आरोपियों ने कार को किराए पर चलाने के लिए लिया था और तय समय पर किराया व गाड़ी वापस करने का वादा किया था. शिकायत में बताया गया कि एग्रीमेंट की अवधि बीत जाने के बाद भी आरोपियों ने न तो किराए की राशि का भुगतान किया और न ही ईश्वर की गाड़ी वापस लौटाई.
बार-बार संपर्क करने के बावजूद आरोपी टालमटोल करते रहे, जिससे स्पष्ट हो गया कि उनकी मंशा गाड़ी हड़पने की थी. अन्नपूर्णा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. संजय कालरा के खिलाफ शिकायतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. जेल में होने के बावजूद उसके पुराने कारनामों की परतें खुलती जा रही हैं और नए फरियादी पुलिस के पास पहुँच रहे हैं. पुलिस अब इस मामले में शावेज की भूमिका की भी जांच कर रही है
