सतना: प्रस्तावित सीवर लाइन के पंपिंग स्टेशन के निर्माण में बाधक बन रहे दो मकानों को नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते द्वारा जमींदोज कर दिया गया. अतिक्रमण के विरुद्ध यह कार्रवाई बुधवार को भुजवा मोहल्ले के निकट नाले से सटे क्षेत्र में की गई. इस कार्रवाई के चलते क्षेत्र के अन्य अतिक्रमणकारियों के बीच दहशत पनपने लगी.अतिक्रमण दस्ता प्रभारी नगर निगम ए पी सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुरानी कंवरराम टाकीज के निकट नाले से सटे क्षेत्र में स्थित शासकीय जमीन को सीवर पंपिंग स्टेशन के लिए पहले से प्रस्तावित किया जा चुका है.
लेकिन काली मंदिर के निकट दो लोगों द्वारा अवैध कब्जा करते हुए अपने मकान बना लिए गए थे. जिसे देखते हुए दोनों अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध नगर निगम द्वारा नोटिस जारी की गई थी. नोटिस जारी कर समय दिए जाने के बावजूद भी अतिक्रमणकारियों द्वारा न तो नोटिस का जवाब दिया गया और न ही अपना अतिक्रमण हटाया गया. जिसके चलते उन्हें स्वेच्छा से अपना अतिक्रमण हटाने का विकल्प भी दिया गया. लेकिन इसके बावजूद भी जब बात नहीं बनी तो ननि के अतिक्रमण दस्ते को कार्रवाई करनी पड़ी.
बुधवार की दोपहर लगभग 12 बजे अतिक्रमण दस्ता बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंच गया. इस दौरान वहां पर अतिक्रमण के तौर पर मौजूद देवेंद्र सिंह पिता सूर्यपाल सिंह और रविंद्र श्रीवास्तव पिता रेखनलाल को अपना-अपना मकान खाली करने के लिए कहा गया. इसी दौरान ननि के अमिक्रमण दस्ते ने क्षेत्र को खाली कराते हुए सुरक्षा घेरे में ले लिया. कुछ समय देने के बाद विद्युत कनेक्शन काटते हुए ननि के बुलडोजर ने काम करना शुरु कर दिया. जेसीबी मशीन की मदद से कड़ी मशक्कत करते हुए दोनों मकानों को जमींदोज कर दिया गया. दोनों मकान को जमींदोज करते हुए शासकीय भूमि को खाली करा लिया गया. इस कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण प्रभारी ननि के साथ सहायक अतिक्रमण अधिकारी सज्जन सिंह, निरीक्षक लक्ष्मी तिवारी, योगेंद्र शुक्ला और बालेंद्र गौतम सहित अन्य स्टॉफ मौजूद रहा
