
मुंबई, 22 नवंबर, 2025: यूएस अरबपति पद्मजा और रामा राजू मंटेना की बेटी नेत्रा मंटेना की शाही शादी इन दिनों ग्लोबल सुर्खियों में है। उदयपुर में हो रहे इस भव्य समारोह में बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक के बड़े सितारे शामिल हुए हैं। इस ग्रैंड संगीत समारोह का एक वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है, जहाँ अभिनेता रणवीर सिंह अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और उनकी गर्लफ्रेंड बेटिना एंडरसन को स्टेज पर डांस करवाते दिखाई दे रहे हैं।
ट्रंप जूनियर ने किया ‘व्हाट झुमका’ पर डांस
रणवीर सिंह ने बेहद मजाकिया अंदाज में ट्रंप जूनियर को स्टेज पर बुलाया और अपनी फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ के हिट गाने ‘व्हाट झुमका?’ पर थिरकने पर मजबूर कर दिया। रणवीर यहीं नहीं रुके; उन्होंने अपने आइकॉनिक रैप ‘अपना टाइम आएगा’ की लाइव परफॉर्मेंस से विदेशी मेहमानों को भी दीवाना बना दिया, जिससे पूरे वेन्यू में तूफानी एनर्जी फैल गई। इस हाई-प्रोफाइल संगीत समारोह को करण जौहर ने होस्ट किया था।
इंटरनेशनल इवेंट बना बॉलीवुड का तड़का
इस भव्य संगीत में बॉलीवुड के कई सितारों ने परफॉर्म किया, जिनमें जाह्नवी कपूर, शाहिद कपूर, वरुण धवन, कृति सेनन और जैकलीन फर्नांडीज़ शामिल थे। इन धमाकेदार परफॉर्मेंस ने शादी की शान बढ़ा दी। रिपोर्ट्स के अनुसार, संगीत और प्री-फंक्शन में जस्टिन बीबर और जेनिफर लोपेज जैसे ग्लोबल सुपरस्टार्स भी पहुँचे, जिससे यह शादी एक इंटरनेशनल शो में बदल गई। नेत्रा मंटेना और वामसी गादिराजू की यह शादी भारत की सबसे हाई-प्रोफाइल वेडिंग्स में से एक बन गई है।
