
रीवा। रीवा रेलवे स्टेशन की पार्किंग में कथित अवैध वसूली को लेकर बुधवार की सुबह जमकर हंगामा हुआ. पूर्व विधायक सुखेन्द्र सिंह बन्ना अपने समर्थको के साथ अचानक पार्किंग स्थल पर पहुंचे और धरने पर बैठ गये. जिसके बाद हडकम्प मच गया, मौके पर रेलवे के अधिकारी और पुलिस पहुंची. दरअसल यहा लंबे समय से निर्धारित दर से ज्यादा पैसे ठेकेदार द्वारा वसूली की शिकायते मिल रही थी और मारपीट के भी आरोप लग चुके थे. उसके बाद भी कोई कार्यवाही नही की गई. बुधवार की सुबह मऊगंज से कांग्रेस के पूर्व विधायक सुखेन्द सिंह बन्ना जब रेलवे स्टेशन पहुंचे तो लोगो ने शिकायत की. जिसके बाद सीधे वह पार्किंग स्थल पर पहुंचे और धरने में बैठकर विरोध शुरू कर दिया. पूर्व विधायक का आरोप था कि पार्किंग में लम्बे समय से तय दरो से अधिक पैसे वसूले जा रहे है. उन्होने साफ शब्दो में कहा कि रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक जगह पर इस तरह की मनमानी नही चल सकती. अगर तय रेट से ज्यादा पैसा लिया जा रहा है तो यह जनता के साथ अन्याय है. उन्होने कहा कि यह गुंडागर्दी बर्दास्त नही की जाएगी. साथ ही हिदायत देते हुए कहा कि अगर अवैध वसूली तुरंत बंद नही हुई तो आंदोलन किया जायेगा. मौके पर पूर्व विधायक ने उस युवक को भी बुलाया जिसके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई थी जिससे उसका हाथ टूट गया था. ज्यादा पैसा लिये जाने का विरोध किया था जिसके बाद उसके साथ मारपीट हुई थी.
अधिकारियों ने दिया आश्वासन
विरोध के दौरान मौके पर पहुंचे रेलवे के अधिकारियों ने जांच का आश्वासन दिया और कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी. यदि अवैध वसूली एवं मारपीट की बात सही पाई जाती है तो संबंधित लोगो के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी. आश्वासन के बाद पूर्व विधायक का धरना समाप्त हुआ.
