ग्वालियर: इस वर्ष भी रावत समाज नवयुवक मंडल, डबरा के तत्वावधान में प्रतिभा सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष सम्मेलन का आयोजन 6 सितंबर रविवार को प्रातः 11 बजे ओम मैरिज गार्डन, बालाजी मंदिर के पास, ठाकुर बाबा लिंक रोड, डबरा में किया जाएगा।रावत समाज नवयुवक मंडल द्वारा लंबे समय से समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उनकी उपलब्धियों को सम्मानित करने का कार्य किया जा रहा है। अभी तक 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाता रहा है, लेकिन इस वर्ष सम्मान समारोह में विशेष बदलाव किया गया है। वर्ष 2026 की 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना तथा उनकी प्रतिभा को समाज के सामने लाना है।
सम्मेलन में केवल बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा खेल, शिक्षा, सांस्कृतिक, साहित्य और कला के क्षेत्र में विशेष उपलब्धि या सम्मान प्राप्त करने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को भी मंच पर सम्मानित किया जाएगा। सितंबर 2025 से अगस्त 2026 तक शासकीय सेवा में चयनित युवाओं तथा इसी अवधि में शासकीय सेवा से निवृत्त हुए कर्मचारी और अधिकारियों का भी सम्मान किया जाएगा।आयोजक मंडल ने सामाजिक कार्यकर्ताओं, निजी कंपनियों और संस्थानों में कार्यरत प्रतिभाओं, जैविक कृषि, शिक्षा, रोजगार तथा निजी व्यवसाय के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाजजनों को भी सम्मान समारोह में शामिल करने का निर्णय लिया है।
