
छतरपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के बरकुआ इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां खदान से मिट्टी निकालते समय अचानक मिट्टी धंसने से एक युवक उसकी चपेट में आ गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से दब गया, जिसे परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान दीपेंद्र यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सुबह मिट्टी निकालने के लिए बरकुआ क्षेत्र में गया हुआ था। भूख लगने पर खदान में बैठ कर खाना कहने लगा, इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा ढह गया और वह उसके नीचे दब गया। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर अन्य लोगों को बुलाया और काफी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला गया।
परिजन युवक को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली।
युवक के शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में सुबह करीब 11 बजे कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना से परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
