इंदौर: लसूड़िया थाना क्षेत्र में देर रात युवक से शराब के लिए पैसे मांगकर मारपीट और कार में तोड़फोड़ करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया.
एडीसीपी अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि देर रात करीब 2.30 बजे स्कीम नम्बर 78 में रहने वाले 22 वर्षीय फरियादी अपने साथियों के साथ जा रहे थे. खालसा चौक के पास रुकने पर परदेशीपुरा निवासी राम चौहान, दीपांश, देव और अमन ने शराब के लिए पैसों की मांग की.
विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज कर मारपीट की और कार में तोड़फोड़ कर धमकी देते हुए फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही गश्त पर तैनात एफआरवी टीम सक्रिय हुई. 136 स्कीम रोड और आसपास के क्षेत्र में तलाश के दौरान आरोपी एक निर्माणाधीन मकान और पास के होटल में छिपे मिले, जहां से उन्हें हिरासत में लिया. फरियादी की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.
