आईजीपीएल ने गोल्फ के विस्तार के लिए 830 करोड़ रूपये के निवेश की घोषणा की

नयी दिल्ली, 23 फरवरी (वार्ता) इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग (आईजीपीएल) ने सोमवार को आधिकारिक तौर पर 10 शहरों की अपनी फ्रेंचाइजी टीमों के जरिए गोल्फ के देशभर में विस्तार के लिए 100 मिलियन डॉलर (करीब 830 करोड़ रुपये) के निवेश की घोषणा की है। आज यहां की गई घोषणा के अनुसार लीग ने 100 मिलियन डॉलर (करीब 830 करोड़ रुपये) के निवेश के साथ एक मजबूत ढांचा तैयार किया है। इसके अलावा 250 मिलियन डॉलर (करीब 2000 करोड़ रुपये) गोल्फ कोर्स बनाने के लिए अलग से रखे गए हैं। इससे टियर-2 और टियर-3 शहरों में 8-10 एकड़ के छोटे गोल्फ कोर्स बनाये जायेंगे जिससे यह खेल बड़े और महंगे क्लबों से निकलकर स्थानीय मैदानों तक पहुंचेगा।
इस खेल की पुरानी सीमाओं को तोड़ते हुए आईजीपीएल को एक बड़े और रोमांचक लीग फॉर्मेट में तैयार किया गया है ताकि प्रोफेशनल गोल्फ को आम जनता तक पहुंचाया जा सके। इसके पहले सीजन में हैदराबाद, मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, चेन्नई, विशाखापत्तनम, गोवा, बेंगलुरु, पंजाब और गुरुग्राम की टीमें खिताब जीतने के लिए आपस में भिड़ेंगी।

आईजीपीएल ने ‘गोल्फ ग्रोथ इनिशिएटिव’ शुरू करने के लिए इंडियन गोल्फ यूनियन (आईजीयू), विमेंस गोल्फ एसोसिएशन ऑफ इंडिया (डब्ल्यूजीएआई), पीजीए ऑफ इंडिया (पीजीएआई) और द गोल्फ फाउंडेशन (टीजीएफ) के साथ साझेदारी की है। यह प्रोग्राम नए खिलाड़ियों को सीधे खेल के दिग्गजों से जोड़ता है। जीव मिल्खा सिंह, शिव कपूर, ज्योति रंधावा, गगनजीत भुल्लर, गौरव घई और एसएसपी चौरसिया जैसे महान खिलाड़ी नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करेंगे, ताकि स्कूलों से लेकर प्रोफेशनल गोल्फ तक पहुंच सके। इस घोषणा को लेकर आईजीपीएल के मुख्य कार्यकारी उत्तम सिंह मुंडी ने कहा, “यह कोई आम खेल निवेश नहीं है। यह खेलों के जरिए बिजनेस बढ़ाने और राष्ट्र निर्माण का एक खास मंच है। हमारे फ्रेंचाइजी पार्टनर फार्मा, इंफ्रास्ट्रक्चर, रियल एस्टेट और वेंचर कैपिटल जैसे क्षेत्रों से आते हैं, और वे आईजीपीएल को एक खेल संस्कृति बनाने के एक बड़े मौके के रूप में देखते हैं। 100 मिलियन डॉलर का निवेश हमारे विजन में उनके भरोसे को दिखाता है। हम सिर्फ एक लीग नहीं बना रहे हैं, हम एक पूरा सिस्टम बना रहे हैं। गांवों के कोर्स से लेकर ग्लोबल टूर्नामेंट तक, आईजीपीएल गोल्फ को आसान, रोमांचक और फायदेमंद बनाएगा। तीन महाद्वीपों में लॉन्च की हमारी योजना और इंफ्रास्ट्रक्चर हमें सिर्फ भारतीय गोल्फ ही नहीं, बल्कि ग्लोबल गोल्फ में एक बड़ा बदलाव लाने वाली ताकत बनाते हैं।”

Next Post

इमरान खान की पार्टी के सांसदों ने उच्चतम न्यायालय के बाहर प्रदर्शन किया

Mon Feb 23 , 2026
इस्लामाबाद, 23 फरवरी (वार्ता) पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के सांसदों ने सोमवार को उच्चतम न्यायालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग की कि इमरान खान के खिलाफ लंबित सभी कानूनी मामलों की तत्काल सुनवाई तय की जाए और उनके तथा उनके परिवार के सदस्यों के बीच जल्द से जल्द मुलाकात […]

You May Like