
सागर। सागर बस ऑपरेटर संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि भोपाल जाने वाली बसें शुक्रवार 8 मई से मोतीनगर नए बस स्टैंड से भी शुरू होंगी, राहतगढ़ बस स्टैंड पूर्ण रूप से बंद होगा। उक्त निर्णय जिला प्रशासन एवं बस ऑपरेटर संघ की बैठक के बाद लिया गया। बैठक में नगर निगम कमिश्नर राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर अविनाश रावत, सिटी मजिस्ट्रेट गगन बिसेन, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मनोज तिगुरिया, बस ऑपरेटर संघ के अध्यक्ष संतोष पांडे, अतुल दुबे सहित अन्य बस ऑपरेटर मौजूद थे।जिला प्रशासन एवं बस ऑपरेटर संघ की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भोपाल तरफ जाने वाली सभी बसें मोतीनगर नए बस स्टैंड से भी संचालित होंगी और अपने निर्धारित समय पर नए बस स्टैंड पर आकर सवारियों को लेकर आगे रवाना होंगी। बैठक में निर्णय लिया गया कि यातायात के दबाव को देखते हुए राहतगढ़ बस स्टैंड पूर्ण रूप से बंद होगा। राहतगढ़ बस स्टेशन से चलने वाली बसें मोतीनगर नए बस स्टैंड से संचालित होंगी। बस ऑपरेटर संघ की मांग पर मोतीनगर नए बस स्टैंड पर सभी मूलभूत सुविधाएं नगर निगम के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी एवं अस्थायी पुलिस चौकी भी बनाई जाएगी। बैठक में निर्णय लिया गया कि संपूर्ण नए बस स्टैंड परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी एवं यातायात पुलिस एवं जिला पुलिस के आरक्षक मौजूद रहेंगे।
