कुरावर: नगर से गुजरने वाले हाईवे के सर्विस रोड पर मौजूद नालियों के बुरी तरह टूटने से आये दिन दुर्घटनाएं हो रही है, टूटी नाली जानलेवा बनी हुई है, शनिवार- रविवार की रात्रि को ऐसी ही क्षतिग्रस्त नाली में एक गौवंश गिर गया जिसे सुबह लोगों ने देखा और बमुश्किल सुरक्षित बाहर निकाला.गौरतलब है कि हाईवे के सर्विस रोड पर बनी नाली जगह-जगह से काफी क्षतिग्रस्त हो चुकी है, टूटी नालियो में आये दिन गौवंश, जानवर गिर जाते है. बीती रात्रि को बस स्टेण्ड के समीप ब्रिज के निकट टूटी नाली में एक सांड नाली में गिर गया. जिसे सुबह लोगों ने देखा. पार्षद मोहन वर्मा, अनिल दरबार, दिलीप बना, पार्षद राजू मीणा, भारत सिंह मीणा, मनोज कुमार मेवाड़ा, ओम प्रकाश जोशी, नंदकिशोर जायसवाल आदि नागरिकों के द्वारा जेसीबी बुलवाकर गाय को बाहर निकाला गया.
जगह-जगह टूट रही नाली
यहां बनाई गई नाली जगह-जगह से टूटकर काफी क्षतिग्रस्त हो गई है, इससे इनके निर्माण की गुणवत्ता का अंदाजा लगाया जा सकता है. यहां स्ट्रीट लाईट भी नहीं जलना बताया जाता है जिसके कारण रात्रि के समय राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. दुर्घटना का डर बना रहता है.
कई किमी तक नहीं क्रॉसिंग
कुरावर बस स्टेण्ड से पीलूखेड़ी की तरफ जाने वाले भोपाल रोड पर 4 से 5 किमी दूरी पर क्रॉसिंग दी गई है, इसके कारण राहगीरों, वाहन चालकों को लम्बी दूरी तय कर आना-जाना पड़ता है.वहीं स्ट्रीट लाईट भी प्राय: बंद रहने से रात्रि के समय दुर्घटना का डर बना रहता है. इस संबंध में नगर परिषद अध्यक्ष बादाम बाई बाला प्रसाद चंद्रवंशी का कहना है कि यह नेशनल हाईवे का मामला है. हाईवे ब्रिज के ऊपर स्ट्रीट लाइट भी उन्हीं के आधिपत्य में आती है. काफी दिन से लाईट बंद पड़ी हुई है, इसको लेकर कई बार अवगत कराया गया है. नेता प्रतिपक्ष पार्षद राजू चौक एवं समाज सेवी रामबाबू मीणा, रामनिवास मीणा का कहना है कि गंभीर समस्या से गुजरना पड़ रहा है, सर्विस रोड पर नाली और क्रॉसिंग की समस्या के कारण आए दिन दुर्घटना होती रहती है.
