
ग्वालियर। माधव प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान, ग्वालियर में आयोजित वार्षिक महोत्सव “आरुण्य 2026” के पहले दिन उत्साह, रचनात्मकता तथा व्यापक जनसहभागिता देखने को मिली।महोत्सव का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं शंखनाद के साथ किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आर. के. पंडित, प्रो–वाइस चांसलर डॉ. मंजरी पंडित, डीन स्टूडेंट एडमिनिस्ट्रेशन डॉ. आर. एस. जादौन, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. मनीष कुमार सागर, डीन पब्लिक रिलेशन्स डॉ. मनीष दीक्षित सहित संस्थान के गणमान्य अधिकारी एवं फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।
दोपहर से सायंकाल तक महोत्सव परिसर में विभिन्न शैक्षणिक, तकनीकी एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया जिनमें विद्यार्थियों की सहभागिता रही। राष्ट्राय द्वारा आयोजित “सृजन”, हैकररैंक के तत्वावधान में “कोड कार्निवल”, फ्रेमफ्लिक्स क्लब द्वारा “कैसल ऑफ फ्रेमफ्लिक्स” तथा स्टार्टअप सेल एवं नेक्सर्ज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शार्क टैंक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अतिरिक्त विभिन्न छात्र क्लबों द्वारा लगाए गए रचनात्मक एवं नवाचार-आधारित स्टॉल्स ने भी विद्यार्थियों एवं आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया।
सायंकाल 7 बजे से आयोजित संगीतमय संध्या में प्रसिद्ध गायक नवजोत आहूजा की मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे परिसर को संगीतमय वातावरण से सराबोर कर दिया। उन्होंने ख़त, डाई विद ए स्माइल, कुड़ी वर्गी, हे ऐशा सहित अनेक लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी, जिन पर उपस्थित श्रोतागण मंत्रमुग्ध दिखाई दिए। इस सांस्कृतिक संध्या में लगभग 6,000 विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।
*सांस्कृतिक अभिव्यक्ति एवं युवा ऊर्जा का संगम*
समग्र रूप से “आरुण्य 2026” का प्रथम दिवस शैक्षणिक नवाचार, तकनीकी दक्षता, सांस्कृतिक अभिव्यक्ति एवं युवा ऊर्जा का प्रभावशाली संगम सिद्ध हुआ। महोत्सव के आगामी दिनों में भी विविध, रोचक एवं बहुआयामी कार्यक्रमों के आयोजन की योजना है, जो विद्यार्थियों को सृजनात्मक अभिव्यक्ति का सशक्त मंच प्रदान करेंगे। दूसरे दिन के विशेष आकर्षणों कॉमिक क्लैश के अंतर्गत स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणकज उपाध्याय की हास्य प्रस्तुति, द स्पीकर्स क्लब द्वारा चर्चा, विद्युत क्लब द्वारा लॉजिक एंड लाफ, एवं आई. ई. आई. सोसाइटी द्वारा आयोजित कोडिंग एरेना प्रमुख रूप से शामिल रहे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों में रुचि, आत्मविश्वास, तकनीकी समझ आदि का विकास हुआ तथा परीक्षाओं द्वारा मानसिक थकान भी कम हुई।
रात्रि के कार्यक्रमों में मशहूर संगीत जैसे “ए दिल है मुश्किल”, “बुल्लेया”, और “आवारगी आवारगी है” आदि की “बंदिश” म्यूजिक क्लब द्वारा प्रस्तुति दी गई एवं अर्बन वॉयेज द्वारा प्रस्तुत “महाभारत” आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया जिसमें उन्होंने महाभारत का सजीव चित्रण किया। इन कार्यक्रमों में भी 6,000 से अधिक विद्यार्थियों ने सहभागिता बनाते हुए, महोत्सव के उत्साह को सतत् बनाए रहा।
*आज नृत्य प्रस्तुतियाँ तथा डीजे नाइट*
कल 23 फरवरी को विश्वविद्यालय के डांस क्लब नृत्यसंगम द्वारा नृत्य प्रस्तुतियाँ तथा डीजे कशिश राठौर द्वारा डीजे नाइट का आयोजन होगा, जिसके लिए विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिल रहा है।
