ग्वालियर:गाड़ी में भरकर ले जाई जा रहीं गायों को जनकगंज थाना पुलिस ने सूचना मिलने के बाद जब्त कर लिया। गाड़ी में 6 गाय और 2 छोटे बच्चे शामिल हैं। पुलिस ने कार्रवाई दरमियानी रात करीब 3 बजे की। पूछताछ में आरोपी पहले स्वयं को हिंदू बताता रहा, लेकिन सख्ती दिखाई तो उसने अपना असली नाम और पता बताया। गाड़ी को जब्त कर लिया गया है और गायों को लाल टिपारा स्थित गौशाला भिजवाया है। जनकगंज पुलिस को सूचना मिली थी कि एक गाड़ी में गायों को भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और पुरानी पुलिस चौकी गिरवाई पर गाड़ी को रोक लिया। गाड़ी चेक की तो उसमें गायें भरी हुई थीं। पुलिस ने गायों को नीचे उतारा और एक जगह बांधा।
पूछताछ की तो गाय ले जाने वालों ने बताया कि वह मेरठ की मंडी से खरीदकर अपने घर के लिए लाए हैं। पुलिस ने कागजात मांगे तो जरूरी कागजात दिखा नहीं सके। गायों की खरीद-फरोख्त के कागज नहीं मिले तो पुलिस ने गायों के साथ गाड़ी को जब्त कर लिया। सुबह होते ही सबसे पहले गायों को गौशाला भिजवाने का प्रबंध किया गया। सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि गायों से भरी जो गाड़ी पकड़ी है, उसमें मथुरा से ले जाने का परमिट है। फिर भी पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं, जिससे सच्चाई का पता लग सके। गायों को बेहतर देखभाल के लिए गौशाला भिजवा दिया गया है।
