
भोपाल। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान यूथ कांग्रेस द्वारा किए गए अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में आज भोपाल में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने इस घटना को राष्ट्र और प्रदेश की छवि को धूमिल करने वाला कृत्य बताया।
भाजयुमो कार्यकर्ता निर्धारित कार्यक्रम के तहत एकत्रित होकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की ओर कूच करने लगे। जैसे ही रैली आगे बढ़ी, पुलिस बल ने उन्हें बीच रास्ते में ही रोक लिया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया था ताकि किसी प्रकार की झड़प या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो पदाधिकारियों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस समिट में, जहां देश-विदेश के प्रतिनिधि और उद्योग जगत के प्रमुख लोग शामिल हुए, वहां इस तरह का प्रदर्शन निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की गतिविधियों से भारत की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है।
वहीं दूसरी ओर, प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर भी बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता एकत्रित हो गए थे। वे भाजयुमो के विरोध प्रदर्शन का जवाब देने के लिए तैयार नजर आए। जानकारी के अनुसार, कुछ कार्यकर्ताओं के हाथों में लाठी-डंडे भी देखे गए, जिससे तनावपूर्ण माहौल बन गया। हालांकि पुलिस की सतर्कता के चलते दोनों पक्ष आमने-सामने नहीं आ सके और संभावित टकराव टल गया।
