रायपुर, 21 फरवरी (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जन्मदिन को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस वर्ष पूरे प्रदेश में ‘सेवा-सुशासन-संकल्प दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।
पार्टी संगठन ने इस अवसर को जनसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ते हुए राज्यव्यापी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की है।
प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने जानकारी दी कि सभी जिलों में सेवा-आधारित गतिविधियां आज से आयोजित की जाएंगी। सरकारी अस्पतालों, वृद्धाश्रमों और अनाथालयों में जरूरतमंदों के बीच फल वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि किसानों, महिलाओं और युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है।
इसी क्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने बताया कि संगठन द्वारा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों का सम्मान कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने उल्लेख किया कि ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, यह आयोजन सेवा भावना, सुशासन की प्रतिबद्धता और जनकल्याण के संकल्प को मजबूत करने का माध्यम बनेगा।
मुख्यमंत्री साय का जन्मदिवस आज : ‘सेवा-सुशासन-संकल्प दिवस’ के रूप में मनाएगी भाजपा
