
ग्वालियर। अटेर सीट से कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने मध्य प्रदेश विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। कटारे ने इस्तीफे में लिखा है कि परिवार और क्षेत्र की जनता को पर्याप्त समय नहीं दे पाने के कारण वे यह जिम्मेदारी छोड़ रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजे पत्र में लिखा कि संगठन जिसे चाहे इस पद की जिम्मेदारी दे, वे पूर्ण सहयोग करेंगे। पार्टी ने उन्हें इस योग्य समझा, इसके लिए वे हमेशा आभारी रहेंगे।
गौरतलब है कि हेमंत कटारे की आज शुक्रवार को ही वैवाहिक वर्षगांठ है। वे शाम करीब 4 बजे तक विधानसभा की कार्यवाही में मौजूद रहे थे, फिर अचानक इस्तीफा भेज दिया। उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कटारे के इस्तीफे की पुष्टि की है। पार्टी ने प्रेस बयान में कहा है कि उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। यह इस्तीफा उन्होंने कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार को सौंपा है। कांग्रेस के संगठन महासचिव डॉ. संजय कामले ने बताया कि हेमंत कटारे ने अपने इस्तीफे में पारिवारिक दायित्वों एवं समय की कमी का उल्लेख किया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वर्तमान परिस्थितियों में वे अपने विधानसभा क्षेत्र को अपेक्षित समय और ध्यान नहीं दे पा रहे थे, इसी कारण उन्होंने उप नेता प्रतिपक्ष के पद से त्यागपत्र दिया है। उन्होंने कहा कि कटारे ने केवल पद से इस्तीफा दिया है न कि पार्टी की सदस्यता से। वे कांग्रेस पार्टी के साथ थे, हैं और आगे भी पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के साथ रहेंगे। उनके इस्तीफे पर अंतिम निर्णय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के विवेकाधिकार पर निर्भर है।
*कांग्रेस विधायक पंकज ने कहा : मामला जल्द सुलझा लिया जाएगा*
मुरैना जिले की जौरा सीट से कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय ने कटारे के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें इसकी जानकारी मीडिया के जरिए मिली है। उपाध्याय ने कहा कि आज कटारे की मैरिज एनिवर्सरी है और परिवार में शादी का कार्यक्रम भी है। वे दिन में उनके साथ थे, साथ ही भोजन किया। वे काफी खुश नजर आ रहे थे। उपाध्याय ने कहा कि कोई गंभीर समस्या नहीं है। जो भी बात है, परिवार के भीतर है और जल्द ही सुलझा ली जाएगी।
*दो बार विधायक रहे हैं…*
हेमंत कटारे अटेर सीट से दूसरी बार विधायक बने हैं। 2013 में पहली बार चुनाव जीते थे। 2018 का चुनाव हार गए थे लेकिन 2023 के चुनाव में पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया को 20,228 वोट से चुनाव हराकर दूसरी बार विधायक बने थे। वे प्रदेश के दिग्गज कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष रहे स्व. सत्यदेव कटारे के पुत्र हैं।
