पेरिस, 18 फरवरी (वार्ता) फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बारोट ने गुरुवार को मानवीय मामलों के लिए संयुक्त राष्ट्र के अवर महासचिव टॉम फ्लेचर से बात की और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून एवं नागरिकों की सुरक्षा के प्रति फ्रांस की प्रतिबद्धता को दोहराया। श्री बारोट ने फ्रांसीसी गैर-सरकारी संगठनों, मानवीय मामलों के समन्वय के लिए संयुक्त राष्ट्र कार्यालय (ओसीएचए) और रेड क्रॉस की अंतर्राष्ट्रीय समिति के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने मानवीय कार्यकर्ताओं की सुरक्षा पर जोर दिया और दुनिया भर में सहायता कार्यों के लिए उनकी सुरक्षित एवं निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने के महत्व पर प्रकाश डाला।
दोनों अधिकारियों ने प्रमुख वैश्विक मानवीय संकटों पर चर्चा की और संघर्ष क्षेत्रों में लोगों की सहायता के लिए सहयोग जारी रखने पर सहमति व्यक्त की। श्री बारोट ने संयुक्त राष्ट्र की मानवीय प्रणाली के चल रहे सुधारों के लिए फ्रांस के समर्थन की भी पुष्टि की। दोनों ने मानवीय संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ भी बातचीत की। इस दौरान बारोट ने जून में होने वाले फ्रांस के आगामी राष्ट्रीय मानवीय सम्मेलन के उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए बताया कि इसका लक्ष्य देश की 2023-2027 की मानवीय रणनीति को आगे बढ़ाना है।
यह चर्चा पेरिस स्थित फ्रांस के दूतावास में हुई।

