रमजान माह के पहले दिन मुस्लिम समाज ने रोजा रखा, मस्जिदों में रौनक

ग्वालियर: आज से शुरू हुए रमजान के माह में पहले दिन मुस्लिम समाज के लोगों ने रोजा रखा है। सुबह लगभग 5:30 बजे सहरी के बाद रोजे की शुरुआत हो गई। मुस्लिम बंधु दिनभर करीब 13 घंटे तक खाने-पीने से परहेज रखेंगे। शाम लगभग 6:30 बजे मगरिब की अजान के साथ रोजा खोला जाएगा, जिसे इफ्तार कहा जाता है। इस दौरान नमाज और इबादत का विशेष महत्व है। मुस्लिम मान्यताओं के अनुसार रमजान को बेहद पाक महीना माना जाता है। इस दौरान की गई नमाज और इबादत का सवाब 70 गुना बढ़ा दिया जाता है।

इफ्तार के लिए फल, खजूर और ड्राई फ्रूट्स की खूब बिक्री हो रही है जिन्हें मस्जिदों में भी भेजा गया है। रोजेदार सामूहिक रूप से रोजा खोलेंगे। पूरे एक माह तक चलने वाले रोजों और इबादत के बाद ईद-उल-फितर मनाई जाएगी। इसे अल्लाह की ओर से रोजेदारों के लिए इनाम का दिन माना जाता है। मान्यता है कि रमजान में सच्चे मन से इबादत करने वालों की दुआएं कबूल होती हैं और उन्हें विशेष रहमत मिलती है।
बीती देर शाम रमजान का चांद नजर आ गया, जिसके बाद से ही मुस्लिम समाज में खुशी का माहौल है । समाजजनों ने बुधवार को मगरिब की नमाज के बाद चांद का इंतजार किया और जैसे ही रमजान का चांद कुछ पलों के लिए नजर आया, वैसे ही मस्जिदों से चांद नजर आने को लेकर ऐलान हो गया और चांद देखने की दुआ पढ़ी गई। इसके बाद से ही मुस्लिम समाज में अगले एक माह तक चलने वाली देर रात की तराबी की विशेष 20 रकात की नमाज की भी शुरुआत हो गई। वहीं चांद के ऐलान के साथ ही आज के रोजे के लिए मुस्लिम समाजजनों ने जमकर खरीदारी की, जिसके चलते बाजारों में विशेष रौनक रही। विशेषकर दूध, खमीरी रोटी (शीरमाल), नान और सूखे मेवों की दुकानों पर देर रात तक भीड़ रही।

Next Post

पर्ल्स ग्रुप (PACL) घोटाले में ईडी की ऐतिहासिक कार्रवाई, पंजाब में 10,000 करोड़ की 247 संपत्तियां कुर्क, निवेशकों के 48,000 करोड़ डकारने का है आरोप

Thu Feb 19 , 2026
नई दिल्ली | प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने चंडीगढ़ स्थित पीएसीएल (पर्ल्स ग्रुप) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 247 अचल संपत्तियों को जब्त करने का आदेश जारी किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, यह किसी एक मामले में जारी किया गया अब तक का […]

You May Like