इंदौर: पुलिस कमिश्नरेट में कर्तव्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने वाले कर्मचारियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। डीआरपी लाइन में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 966 तुषार रावत को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।प्रशासनिक जानकारी के अनुसार संबंधित आरक्षक 27 अप्रैल 2022 से 17 दिसंबर 2022 तक लगातार 235 दिनों तक बिना किसी पूर्व सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित रहे। इतना ही नहीं, इससे पहले भी वे कई बार बिना अनुमति गैरहाजिर पाए गए थे, जिसके चलते उनके विरुद्ध विभागीय दंडात्मक कार्यवाही की जा चुकी थी।
जांच में यह पाया गया कि बिना उचित कारण लंबे समय तक ड्यूटी से दूर रहना पुलिस सेवा के दायित्वों के प्रति गंभीर उदासीनता, अनुशासनहीनता और लापरवाही को दर्शाता है। उपलब्ध तथ्यों, सिविल सेवा (आचरण) नियमों तथा पुलिस रेगुलेशन के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए डीसीपी (मुख्यालय) इंदौर ने आरक्षक तुषार रावत की सेवा समाप्त करने के आदेश जारी किए। कमिश्नरेट स्तर पर यह स्पष्ट किया गया है कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ इसी तरह कठोर कदम आगे भी जारी रहेंगे।
