इंदौर:अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच को एक और बड़ी सफलता मिली है. एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी हसन अली को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है.बीती 12 फरवरी को क्राइम ब्रांच की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी कासिम खान को अवैध ड्रग्स के साथ पकड़ा था.
कासिम से हुई पूछताछ के आधार पर पुलिस ने रिजवान अंसारी निवासी साउथ तोडा को गिरफ्तार किया. इन आरोपियों के पास से करीब 14 ग्राम अवैध मादक पदार्थ “एमडी” जब्त की गई थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1,40,000 रुपये आंकी गई है. रिजवान अंसारी से पूछताछ के दौरान पुलिस को तीसरे आरोपी हसन अली निवासी दौलतगंज के बारे में जानकारी मिली थी. आरोपी हसन अली घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था.
क्राइम ब्रांच की टीम ने सटीक मुखबिरी और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से उसे ट्रेस किया और अंततः उसे हिरासत में ले लिया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी हसन अली ने केवल 5वीं कक्षा तक शिक्षा प्राप्त की है और वह रिपेयरिंग का काम करता था. काम की आड़ में वह ड्रग्स तस्करी के इस अवैध नेटवर्क से जुड़ा हुआ था. क्राइम ब्रांच के अधिकारियों का कहना है कि आरोपी हसन अली से विस्तृत पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक पूछताछ में नशे के कारोबार से जुड़े कई अन्य संदिग्धों के नाम सामने आने की संभावना है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह ड्रग्स कहाँ से लाई जा रही थी और शहर में इसके मुख्य खरीदार कौन हैं.
