इंदौर: शहर में अपराधियों और नशा माफियाओं के खिलाफ इंदौर पुलिस का कड़ा प्रहार जारी है. बीती रात द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली कुख्यात नाथ बस्ती में पुलिस के आला अधिकारियों ने भारी बल के साथ ‘कॉम्बो ऑपरेशन’ चलाकर सघन तलाशी ली. इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के असामाजिक तत्वों और लिस्टेड बदमाशों में हड़कंप मच गया.
मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर रात करीब 11:00 बजे एडिशनल डीसीपी (ज़ोन-4) दिशेष अग्रवाल और एसीपी शिवेंदु जोशी सीधे द्वारकापुरी थाने पहुंचे। यहाँ से थाना प्रभारी मनीष मिश्रा और पुलिस बल को साथ लेकर टीम सीधे नाथ बस्ती पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी.
हथियार और अवैध शराब जब्त
पुलिस टीम ने बस्ती में संदिग्ध ठिकानों और बदमाशों के घरों की सघन सर्चिंग की. इस दौरान एक आरोपी को अवैध चाकू के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया, जिस पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. एक अन्य आरोपी को अवैध शराब की तस्करी करते हुए पकड़ा, जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है.
ड्रग तस्कर सीमा नाथ के घर की तलाशी
थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि इस सर्चिंग ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य नशे के कारोबार की कमर तोड़ना था. कार्रवाई के दौरान पिछले दिनों पकड़ी गई कुख्यात महिला ड्रग तस्कर सीमा नाथ के घर और उसके सहयोगियों के ठिकानों की भी बारीकी से तलाशी ली गई.
