भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने राष्ट्रीय जीवन के तीन महान प्रेरणा स्रोतों का स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शक बताया। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के द्वितीय सरसंघचालक माधवराव सदाशिव गोलवलकर गुरुजी की जयंती पर सादर नमन करते हुए कहा कि उनका आदर्श जीवन हम सभी को निरंतर राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने हिन्दवी स्वराज्य के संस्थापक, वीर शिरोमणि छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने शिवाजी महाराज के अभूतपूर्व पराक्रम, शौर्य और अद्वितीय युद्ध कौशल को राष्ट्र के स्वाभिमान का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनका प्रेरक जीवन युवाओं को साहस, स्वाभिमान और राष्ट्र सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की शक्ति देता है।
साथ ही डॉ यादव ने स्वतंत्रता सेनानी गोपाल कृष्ण गोखले की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल और आत्मनिर्भरता ही राष्ट्र के समग्र विकास की आधारशिला हैं। गोखले जी के ओजस्वी विचार आज भी समाज को दिशा देते हैं और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।
