ग्वालियर: मौजूदा साल को प्रदेश में किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। किसान कल्याण वर्ष का पहला विशाल एवं भव्य किसान सम्मेलन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में आज दोपहर में ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में आयोजित होगा। इस अवसर पर सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत किसानों को हितलाभ वितरित किए जायेंगे। साथ ही उन्नत कृषि तकनीक पर प्रदर्शनी भी लगेगी। प्रदर्शनी में उद्यानिकी, प्राकृतिक खेती व पशु नस्ल सुधार को प्रमुखता से शामिल किया गया है।
किसान सम्मेलन में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर एवं सांसद भारत सिंह कुशवाह सहित अन्य अतिथिगण शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्राम कुलैथ में पहुँचने के बाद रोड शो के जरिए किसानों का अभिवादन करेंगे। इसके बाद किसान सम्मेलन परिसर में लगाई गई कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इसी क्रम में दीप प्रज्ज्वलन कर किसान सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद पुष्प वर्षा कर कार्यक्रम में मौजूद कृषकों का सम्मान करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इस अवसर पर लगभग 88 करोड़ रुपए लागत के 41 विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण भी किया जायेगा। इनमें 66 करोड़ 56 लाख रुपए लागत के कार्यों का लोकार्पण और 20 करोड़ 64 लाख रुपए लागत के कार्यों का भूमिपूजन शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इसी क्रम में सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित करेंगे। साथ ही स्थानीय किसानों द्वारा आयोजित पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ का अवलोकन करेंगे और कन्हैया लोकगीतों का आनंद लेंगे।
