सतना :संचालनालय सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग भोपाल के निर्देशानुसार नशामुक्त भारत अभियान अंतर्गत वर्ष 2025-26 में जिले भर में आयोजित जन-जागरूकता गतिविधियों के विजेता प्रतिभागियों का सम्मान जिला पंचायत सभाकक्ष सतना में जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल के मुख्यातिथ्य तथा उपाध्यक्ष सुस्मिता सिंह की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य संजय सिंह, उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राजीव सिंह, एनएसएस प्रभारी क्रांति रजोरिया, सामाजिक न्याय विभाग के कलाकार केके शुक्ला, प्रदुम्न द्विवेदी, रामपाल सिंह, अनिरुद्ध यादव, अंजली तिवारी, ऊषा बसोर सहित सामाजिक न्याय विभाग व डीडीआरसी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
अक्टूबर-नवंबर 2025 के दौरान जिले की जनपद पंचायतों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में रंगोली, चित्रकला, पेंटिंग, निबंध लेखन, वाद-विवाद तथा नुक्कड़ नाटक जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। इनके अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग 250 छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र व उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही संबंधित शिक्षकों, सहायक प्राध्यापकों एवं प्राध्यापकों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल ने कहा कि नशा परिवार की उम्मीद निगल रहा है, इसलिए स्वयं नशे से दूरी बनाकर समाज को भी इससे मुक्त कराने का संकल्प लें। उपाध्यक्ष श्रीमती सुष्मिता पंकज सिंह परिहार ने कहा कि नशा रूपी ज़हर का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। समय रहते जागरूक न हुए तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। कार्यक्रम संचालन के दौरान सामाजिक न्याय विभाग के प्रमुख कलाकार केके शुक्ला ने बताया कि मादक पदार्थों से जुड़ी जानकारी, परामर्श व पुनर्वास के लिए नार्काेटिक्स हेल्पलाइन “मानस-1933” प्रारंभ की गई है। अंत में समाजसेवी आयुषी तिवारी द्वारा सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
