नयी दिल्ली, 17 फरवरी (वार्ता) एयर इंडिया और लुफ्थांसा समूह ने आपसी सहयोग को और आगे बढ़ाते हुए एक-दूसरे के यात्रियों के लिए भारत और यूरोप में साझा कनेक्टिविटी का विस्तार करने के लिए मंगलवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये। यह समझौता हाल ही में संपन्न ऐतिहासिक भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार संधि (एफटीए) से उत्पन्न अवसरों का लाभ उठाने के उद्देश्य से किया गया है। इसके तहत एयर इंडिया और जर्मनी के लुफ्थांसा समूह की विमान सेवा कंपनियों और सहायक कंपनियों – एयर इंडिया एक्सप्रेस, ऑस्ट्रियन एयरलाइंस, ब्रसेल्स एयरलाइंस, आईटीए एयरवेज, लुफ्थांसा, स्विस इंटरनेशनल एयर लाइंस और अन्य संबद्ध एयरलाइंस समेत – के बीच संयुक्त व्यावसायिक समझौते की रूपरेखा तय की गयी है।
एयर इंडिया और लुफ्थांसा समूह के बीच एक कोडशेयर समझौता पहले से है। दोनों स्टार एलायंस के सदस्य हैं। यह करार दोनों पक्षों को भारत और प्रमुख यूरोपीय बाजारों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने के विकल्प तलाशने में सक्षम बनायेगा। एमओयू पर एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन और लुफ्थांसा समूह के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी कार्स्टन श्पोर ने हस्ताक्षर किये।
अभी इस समझौते को नियामकीय मंजूरियां मिलनी शेष हैं। दोनों पक्ष चयनित बाजारों में मार्ग योजना और उड़ान समय-सारिणी का समन्वय, संयुक्त बिक्री, विपणन और वितरण पहल पर सहयोग कर सकते हैं। शुरुआती चरण में भारत और लुफ्थांसा समूह के मुख्य घरेलू बाजार जर्मनी, ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, इटली और स्विट्जरलैंड में कनेक्टिविटी बढ़ाने पर फोकस किया जायेगा। भविष्य में इसमें शेष यूरोप और भारतीय उपमहाद्वीप को भी शामिल करने का प्रस्ताव है।
वर्तमान में एयर इंडिया और लुफ्थांसा समूह की विमान सेवा कंपनियों के बीच 15 भारतीय और 29 यूरोपीय शहरों तथा 20 देशों में 145 मार्गों पर कोडशेयर करार है।

