जिनेवा, 17 फरवरी (वार्ता) अमेरिका और ईरान के बीच बहुप्रतीक्षित अप्रत्यक्ष वार्ता का दूसरा दौर मंगलवार को जिनेवा में शुरू हुआ। यह बैठक ईरान के परमाणु कार्यक्रम से संबंधित है। ईरान का प्रस्ताव है कि अगर अमेरिका ईरान पर लगे सभी प्रतिबंध हटाने और उसकी स्थिर संपत्तियों के इस्तेमाल को मंजूरी देता है, तो वह अपने संवर्धित यूरेनियम की गुणवत्ता कम करने के लिए तैयार है। अमेरिका इस बातचीत में ईरान के मिसाइल कार्यक्रम पर भी चर्चा करना चाहता है, लेकिन ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने स्पष्ट किया है कि वह इसके पक्ष में नहीं हैं।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह इस बैठक में ‘अप्रत्यक्ष’ रूप से शामिल होंगे। बैठक में ईरान की ओर से विदेश मंत्री अराघची शामिल होंगे, जबकि अमेरिका का प्रतिनिधित्व श्री ट्रंप के विशेष राजदूत स्टीव विटकॉफ और उनके दामाद जैरेड कुश्नर करेंगे।
बातचीत का पहला दौर पश्चिमी एशिया के कई देशों की मध्यस्थता के बाद ओमान की राजधानी मस्कट में हुआ था। अमेरिका और ईरान दोनों ने इसे एक ‘अच्छी शुरुआत’ करार दिया था, लेकिन दोनों देशों के बीच किसी तरह की सहमति नहीं बन पायी थी।

