श्योपुर: जिले के ग्राम मुंडला में निकली शिव बारात के दौरान कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल द्वारा कथित हर्ष फायरिंग का वीडियो सामने आया है। इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। जानकारी के अनुसार पारंपरिक शिव बारात गांव में भ्रमण कर रही थी। विधायक घोड़ी पर सवार होकर बारात में शामिल हुए थे। इसी दौरान हवा में फायरिंग का दृश्य वहां मौजूद कुछ लोगों ने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। बड़ौदा थाना प्रभारी सतीश चौहान ने बताया कि वीडियो की पुष्टि के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार हर्ष फायरिंग प्रतिबंधित है और उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। फिलहाल पुलिस वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
