
खिलचीपुर/ब्यावरा। खिलचीपुर थानांतर्गत ग्राम चांदपुरा में सोमवार की सुबह खेत में मौजूद बकरियों पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया. इस हमले में 6 बकरियों की मौत हो गई एक बकरी के बच्चे को कुत्ते उठाकर ले गये.
जानकारी के अनुसार खिलचीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चांदपुरा में सोमवार की सुबह यह घटना हुई. खेत पर मौजूद झोपड़ी के यहां तार फेंसिंग के भीतर बंधी बकरियों पर कुत्तों के झुंड ने हमला बोल दिया. हमले में 6 बकरियों ने दम तोड़ दिया. जबकि एक बकरी के बच्चे को कुत्ते उठाकर ले गयेे. घटना से किसान को काफी नुकसान पहुंचा है. किसान भाग्यचंद मालवीय के अनुसार वह खेती और पशुपालन के द्वारा परिवार का भरण-पोषण करता है. उसके पास 7 बकरियां थी. जो कि उनकी आमदनी का जरिया थी. गांव से बाहर खेत पर बनी झोपड़ी में वह परिवार सहित रहते है. बकरियों को झोपड़ी के समीप तार फेंसिंग के भीतर बांधकर रखते थे.
फेंसिंग तोडक़र किया हमला
किसान के अनुसार वह सोमवार सुबह परिवार के साथ खेत पर कार्य कर रहे थे. इसी बीच कुत्तों का एक झुंड तार फेंसिंग को तोडक़र फेंसिंग के भीतर घुस आया और यहां मौजूद बकरियों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. जब तक बकरियों को बचाया जाता तब तक गंभीर रुप से घायल 6 बकरियों ने दम तोड़ दिया. किसान के भाई गेंदालाल के अनुसार जब वह अपने खेत से लौट रहे थे तभी उन्होंने बकरियों पर कुत्तों को हमला करते देखा. शोर मचाते हुए पत्थर फेंककर कुत्तों को भगाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. एक बकरी के बच्चे को कुत्ते उठाकर ले गये.
एक बड़ा आर्थिक नुकसान
किसान द्वारा थोड़ी बहुत खेती एवं पशु पालन करते हुए बमुश्किल घर का खर्च चलाया जाता है. एकाएक इतनी बड़ी संख्या में बकरियों के मरने से एक बड़ा आर्थिक नुकसान पहुंचा है. एक बड़ा आर्थिक संकट आ खड़ा हुआ है.
छापीहेड़ा, खिलचीपुर में हुई थी घटना
जिले में अनेक स्थानों पर कुत्तो के हिंसक रुप लेने से इनके हमला करने की घटनाएं हो चुकी है.छापीहेड़ा संवाददाता के अनुसार लगभग एक सप्ताह पूर्व छापीहेड़ा स्थित रामपुरिया हनुमान मंदिर के यहां घर के बाहर खेल रही लगभग 21 माह की बालिका पर कुत्तो ने हमला कर दिया था जिसमें बालिका गंभीर रुप से घायल हो गई थी. इसी प्रकार एक-डेढ़ माह पूर्व खिलचीपुर स्थित सोमवारिया में एक बालक के ऊपर कुत्ते द्वारा हमला कर देने की घटना हुई थी जिसमें बालक घायल हो गया था.
