
ग्वालियर। किसान कल्याण वर्ष का पहला राज्य स्तरीय विशाल किसान सम्मेलन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में 18 फरवरी को ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्राम कुलैथ में आयोजित होने जा रहे किसान सम्मेलन से मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश भर के किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि का अंतरण करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव कृषि प्रदर्शनी एवं स्थानीय किसानों द्वारा आयोजित पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ का अवलोकन करेंगे और कन्हैया लोकगीतों का आनंद लेंगे। विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा किया जायेगा। कलेक्टर रुचिका चौहान ने सोमवार को कुलैथ पहुँचकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह भी उनके साथ थे।
कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए कि सभी अधिकारी कार्यक्रम से संबंधित दायित्वों का गंभीरता के साथ निर्वहन करें। साथ ही इस बात का विशेष ध्यान रखें कि किसानों सहित कार्यक्रम में भाग लेने आ रहे नागरिकों को असुविधा न हो।
कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने हैलीपेड, मुख्य मंच, प्रदर्शनी स्थल व किसानों की बैठक व्यवस्था व पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ स्थल इत्यादि का जायजा लिया। साथ ही निर्देश दिए कि व्यवस्थाओं को इस प्रकार से अंतिम रूप दें, जिससे कृषकगण सुविधाजनक तरीके से निर्धारित स्थल पर पहुँच सकें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर पेयजल की भी पुख्ता व्यवस्था की जाए।
इस मौके पर जिला पंचायत एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
