
भोपाल। ट्रेन में सफर कर रहे एक युवक की अचानक तबीयत खराब हो गई. गुरुवार को निशातपुरा स्टेशन पर ट्रेन को रोक कर युवक को हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
जानकारी के मुताबिक सीहोर से दिल्ली मालवा एक्सप्रेस में सफर कर रहे 24 साल के युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई. सफर में युवक के साथ उसकी मां और बहन भी ट्रेन के एसी कोच में ही थी. परिजनों ने इसकी सूचना तुरंत ही रेलवे के कर्मचारियों को दी. इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद रेलवे गार्ड ने निशातपुरा स्टेशन पर ट्रेन को रुकवाया. वहां से युवक को अन्य यात्रियों की मदद से ऑटो तक पहुंचाया गया, जहां से युवक को परिजनों के साथ जल्द ही अस्पताल पहुंचाया गया. मिली जानकारी के मुताबिक युवक और उसका परिवार धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सीहोर आया था. यूपी के बस्ती जिले का रहने वाला परिवार अपने घर लौट रहा था. तभी युवक की तबीयत ट्रेन में अचानक खराब हो गई. युवक के स्वास्थ में सुधार होना बताया गया. परिजनों ने रेलवे कर्मचारियों और साथ देने वाले यात्रियों का आभार भी जताया.
