
छतरपुर। कल शाम करीब 8 से 9 बजे के बीच एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 9 लोग घायल हो गए। सभी ग्राम बम्होरी निवासी बताए जा रहे हैं, जो टैक्सी से बागेश्वर धाम में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
ग्राम सलैया के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी टैक्सी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। घायलों में कुसुम बाई पटेल (40), फुला बाई पटेल (42), आशा पटेल (18), सत्यवान पटेल (18), लवकुश पटेल (17), नामी बाई पटेल (35), कमलेश पटेल (37), अंकुश पटेल (10) और अनुराग पटेल (3) शामिल हैं।
घायल आशा पटेल ने बताया कि हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां इमरजेंसी ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा वार्ड में भर्ती किया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
