करैरा में वकील की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

शिवपुरी। शिवपुरी में आज दिनदहाड़े एक वरिष्ठ वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। एडवोकेट संजय कुमार सक्सेना रोज की तरह बाइक से कोर्ट जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात करैरा कस्बे में हुई। मृतक एडवोकेट संजय सक्सेना घिरियाली मोहल्ला पुराना बाजार, करैरा के निवासी थे। वारदात करेरा किले के पीछे आनंद सागर मंदिर के पास सिद्धन रोड पर हुई। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमलावर पैदल आए थे या किसी गाड़ी से।

घटना के कुछ देर बाद उसी सड़क से गुजर रहे एक अन्य वकील की नजर सड़क पर पड़े संजय सक्सेना पर पड़ी। उन्होंने तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

*भाई ने लगाया आरोप : धमकियां मिल रही थीं*

एडवोकेट संजय सक्सेना के भाई एडवोकेट कुलदीप सक्सेना ने आरोप लगाया कि उनके भाई की हत्या गांव सिगदाऊआ के कुछ लोगों ने रंजिश के चलते कराई है। संजय ने गांव में किशोरी जाटव की जमीन का केस लड़ा था, जिसमें किशोरी जाटव जीत गया था। केस हारने के बाद से आरोपी लगातार धमकियां दे रहे थे कि वे आगे उनके खिलाफ कोई केस न लड़ें। उन्हें जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी गई थी। इसके बावजूद संजय सक्सेना मिठुआ जाटव के पक्ष में एक अन्य जमीन विवाद का केस लड़ रहे थे। इस जमीन के एक हिस्से पर शिक्षक कमलेश शर्मा का कब्जा बताया गया है। कुलदीप सक्सेना ने आरोप लगाया कि कमलेश शर्मा केस से हटने या राजीनामा कराने के लिए लगातार दबाव और धमकी दे रहे थे। गांव के सूरज आदिवासी ने उनके मंझले भाई अनिल सक्सेना को बताया था कि कमलेश कह रहा था कि 12 लाख रुपए ले लो और संजय सक्सेना की गोली मारकर हत्या कर दो। आरोपियों से चुनावी रंजिश भी चली आ रही थी। अगस्त-सितंबर में उनकी 6 बीघा जमीन में खड़ी मूंगफली की फसल उजाड़ दी गई थी। इसकी भी शिकायत दिनारा थाने में की गई थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।

*आस-पास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन*

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मौके का मुआयना कर पंचनामा किया।आस-पास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चल रहा है। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल फोन लोकेशन के जरिए भी आरोपियों को ट्रैक करने की कोशिश की जा रही है। जांच से पता चला है कि घटना पहले से प्लान की गई थी।

*वकीलों ने दी हड़ताल की चेतावनी*

अभिभाषक संघ के सचिव रामनरेश तिवारी ने हड़ताल की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर तत्काल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तार नहीं करती है तो अभिभाषक संघ सोमवार से न्यायालय में काम बंद कर हड़ताल करेंगे। साथ ही थाने के बाहर भी धरना देंगे।

Next Post

ओबीसी महासंघ का राष्ट्रीय अधिवेशन प्रारंभ, प्रतिनिधियों का सम्मान

Sat Feb 14 , 2026
भोपाल। राजधानी भोपाल स्थित गांधी भवन में ओबीसी महासंघ के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव विजेंद्र सिंह यादव एवं राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य वैभव सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने देशभर से पहुंचे प्रतिनिधियों एवं अतिथियों का सम्मान किया। अधिवेशन […]

You May Like