
बैतूल। शाहपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर निर्माणाधीन और अधूरी पुलिया के पास तिहरा सड़क हादसा हो गया। पहले तूफान जीप और निजी बस की टक्कर हुई, इसके बाद मौके पर पहुंचे लोगों के बीच से गुजर रही हाईवे पेट्रोलिंग एम्बुलेंस की चपेट में आने से एक बुजुर्ग श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो एम्बुलेंस कर्मियों सहित कुल छह लोग घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार चिचोली से पचमढ़ी जा रहे श्रद्धालुओं से भरी तूफान जीप निर्माणाधीन पुलिया के पास खराब हो गई थी। रात में अंधेरा होने के कारण सड़क पर खड़ा वाहन स्पष्ट दिखाई नहीं दिया। इसी दौरान छिंदवाड़ा से इंदौर जा रही एक निजी बस ने जीप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। श्रद्धालुओं के अन्य साथी भी वहां एकत्र हो गए। इसी बीच मरीज को लेने जा रही हाईवे पेट्रोलिंग एम्बुलेंस 1033 तेज रफ्तार में घटनास्थल पर पहुंची और भीड़ व अंधेरे के बीच नियंत्रण खो बैठी। एम्बुलेंस की चपेट में आने से एक बुजुर्ग श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो एम्बुलेंस कर्मियों सहित कुल छह लोग घायल हो गए।
घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर अधूरी पुलिया, पर्याप्त चेतावनी संकेतकों का अभाव, अंधेरा और वाहनों की तेज रफ्तार को हादसे के प्रमुख कारणों में माना जा रहा है। निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी जांच की जा रही है।
