
नर्मदापुरम। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के मढ़ई जोन में शुक्रवार शाम जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को वन्यजीवों का ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया. यहां अचानक एक भालू और बाघिन का आमना-सामना हो गया. भालू को अपने करीब देखकर बाघिन घबरा गई और छलांग लगाकर वहां से भाग निकली.वहीं, भालू भी चौंककर दो कदम पीछे हट गया. हालांकि इस वीडियो की पुष्टि एसटीआर प्रबंधन ने नहीं की है.
दरअसल, सफारी के दौरान पर्यटक जिप्सियों में सवार होकर एक भालू को देख रहे थे. इसी दौरान पास की घास में आराम कर रही बाघिन अचानक सामने आ गई. दोनों वन्यप्राणियों के बीच कुछ ही सेकंड तक आमना-सामना हुआ. बाघिन ने स्थिति भांपते ही वहां से छलांग लगाकर दूरी बना ली, जबकि भालू भी कुछ पल के लिए ठिठक गया और पीछे हट गया.
