
नीमच। जावद क्षेत्र के रतनगढ़ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम लुहारिया जाट में कपास की फसल के बीच उगाई जा रही अफीम की खेती का खुलासा हुआ है। पुलिस ने यहां से 9 क्विंटल 76 किलो वजनी 11,600 हरे अफीम के पौधे जब्त किए हैं। जब्त फसल की कीमत करीब 97 लाख 60 हजार रुपए बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
थाना प्रभारी मनोज सिंह जादौन ने बताया कि 11 फरवरी 2026 को पुलिस चौकी जाट को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने ड्रोन से खेत की जांच की। ड्रोन में संदिग्ध पौधे दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई की।
कपास के बीच उगा रखी थी अफीम
जांच में सामने आया कि आरोपी हिरालाल पिता घिसालाल माली (43), निवासी ग्राम लुहारिया जाट, अपने खेत में कपास के पौधों के बीच अफीम उगा रहा था।
मौके पर तौल करने पर 9.76 क्विंटल हरे और गीले अफीम के पौधे बरामद हुए। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर मादक पदार्थ जब्त कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जिले में आगे भी जारी रहेगा अभियान
यह कार्रवाई डीआईजी निमिश अग्रवाल के निर्देश पर की गई। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अवैध अफीम और गांजा की खेती के खिलाफ सख्ती करने और ड्रोन से निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
