कोयला खदानों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल कल

सारनी। चार केंद्रीय श्रम संगठनों द्वारा 12 फरवरी को 4 नए कानून के विरोध में राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इसको लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है। दरअसल पाथाखेड़ा क्षेत्र में तीन भूमिगत कोयला खदानें हैं। जहां से रोड सेल, लघु उद्योग और पॉवर प्लांट को कोयला आपूर्ति होता है। हड़ताल से वेस्टर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड की खदानें बंद रहने के आसार है। ऐसे में उद्योगों तक कोयला पहुंचना मुश्किल होगा। हड़ताल का ऐलान पांच में से चार केंद्रीय ट्रेड यूनियनों द्वारा किया गया है। इसलिए हड़ताल को अभी से ही सफल माना जा रहा है। इधर पुलिस प्रशासन ने डिवीजन के अलावा रक्षित केंद्र से 50 का बल बुला लिया है जो रात 12 बजे से ही पाथाखेड़ा क्षेत्र की सभी खदानों पर सुरक्षा में तैनात रहेंगे। संयुक्त मोर्चा के नेता ओमकार शुक्ला, गणेश गुजरे, विवेकानंदन, आशिक खान, अतुल सूर्यवंशी ने बताया 4 नए श्रम कानून के विरोध में एक दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है। जिसे सफल बनाने संयुक्त मोर्चाके नेताओं द्वारा 8 से 11 फरवरी तक खदानों पर गेट मीटिंग कर कामगारों को सरकार की मंशा से अवगत कराया गया है। पाथाखेड़ा क्षेत्र में डब्ल्यूसीएल की तीन भूमिगत कोयला खदानें हैं। जिनमें तवा-1, तवा-टू और छतरपुर-1 खदान शामिल है। तीनों खदानों से रोजाना करीब 4 हजार मीट्रिक टन कोयला उत्पादन होता है और लगभग तीन हजार अधिकारी, कर्मचारी यहां कार्यरत है। हड़ताल से कोयला उत्पादन प्रभावित होने से इंकार नहीं किया जा सकता। इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल में भारतीय मजदूर संघ शामिल नहीं है। जबकि पाथाखेड़ा क्षेत्र में बीएमएस सबसे ज्यादा सदस्यों वाला संगठन है।

इनका कहना

वेस्टर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड में हड़ताल को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात किया गया है। डिवीजन के अलावा रक्षित केंद्र से भी बल बुलाया गया है। पाथाखेड़ा क्षेत्र की खदानों और खदान पहुंच मार्ग पर 50 की संख्या में पुलिस बल तैनात किया है। जयपाल इवनाती, टीआई, सारनी

Next Post

रदरफोर्ड के आतिशी अर्धशतक से वेस्ट इंडीज ने बनाया सम्मानजनक स्कोर

Wed Feb 11 , 2026
मुम्बई, 11 फरवरी (वार्ता) शेरफेन रदरफोर्ड (नाबाद 76) के 42 गेंदों में दो चौकों और सात छक्कों की मदद से सजे आतिशी अर्धशतक से वेस्ट इंडीज ने इंग्लैंड के खिलाफ टी 20 विश्व कप मुकाबले में बुधवार को छह विकेट पर 196 रन का मजबूत स्कोर बना लिया। टॉस हारकर […]

You May Like